धरातल पर उतरी राजिम-छुरा की बहुप्रतीक्षित मांग, 145 करोड़ की सड़क परियोजना का शिलान्यास संपन्न
Thursday, September 24, 2026
Edit
लोकार्पण के सवाल पर विधायक की दोटूक– काम तेजी से पूरा कर इसी कार्यकाल में जनता को देंगे सौगात
राजिम। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार धरातल पर साकार हो गई है। राजिम-छुरा मार्ग, राजिम-कौंदकेरा-छुइहा और छुइया-छुरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भव्य शुभारंभ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। क्षेत्रीय विधायक श्री रोहित साहू द्वारा राजिम के भक्तिन माता चौक में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पहला भूमिपूजन किया गया, जिसके बाद देर शाम छुरा के बजरंग चौक में अंतिम भूमिपूजन कर इस बड़े निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।
यह पूरी परियोजना 'विकसित सड़क, समृद्ध क्षेत्र' के संकल्प के साथ क्षेत्र में सुगम आवागमन, बेहतर व्यापार और विकास के नए रास्ते खोलेगी।
लागत 145 करोड़, समय पर काम पूरा करने दो भागों में टेंडर
समारोह के दौरान मीडिया और जनता ने विधायक रोहित साहू से तीखा लेकिन महत्वपूर्ण सवाल किया कि— "जिस प्रकार आज आपके द्वारा भूमिपूजन संपन्न हो रहा है, क्या आपके इसी कार्यकाल में इसका लोकार्पण (उद्घाटन) भी हो पाएगा?"
इस पर विधायक रोहित साहू ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ जवाब देते हुए कहा, "इस 45 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर और बेहद तेजी से पूरा कराने के लिए ही इसे दो अलग-अलग भागों (पैकेज) में टेंडर जारी किया गया है। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि जितना जल्दी हो सके काम पूर्ण हो, और मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि मेरे ही कार्यकाल में इस भव्य सड़क का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया जाएगा।"
बीच के गांवों में हुआ भव्य स्वागत, ग्रामवासियों ने जताया आभार
राजिम से छुरा तक निकले विधायक के काफिले का मार्ग में आने वाले सभी ग्रामीण अंचलों में ऐतिहासिक और पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया गया। निर्धारित समय पर काफिला इन जगहों पर पहुंचा:
- बेलटुकरी (दोपहर 12:00 बजे), भैंसातरा (12:30 बजे) और कौंदकेरा (01:00 बजे) में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए।
- तरीघाट (01:30 बजे), छुइया (02:00 बजे) और पंक्तियां (02:30 बजे) में विधायक को पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
- मड़ेली (02:40 बजे) और लोहरझर (03:00 बजे) में भी ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।
इस दौरान सभी जगहों के ग्रामवासियों ने विधायक रोहित साहू का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि इस सड़क के बदहाल होने से सालों से आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी, लेकिन अब सड़क चौड़ीकरण की मांग पूरी होने से क्षेत्र का कायाकल्प हो जाएगा। विधायक ने भी सभी गांवों में जनमानस से सीधे मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया।
क्षेत्र को मिलेंगे बहुआयामी लाभ
जनप्रतिनिधियों के अनुसार, इस मार्ग के अपग्रेड होने से न केवल आम जनता को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे किसानों को सुविधा, शिक्षा व स्वास्थ्य तक आसान पहुंच, बेहतर व्यापार और क्षेत्र में पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। यह कदम 'विकासशील राजिम-छुरा, समृद्ध छत्तीसगढ़' की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
Previous article
Next article