काल बना घर के बाहर का 'घुरवा': 12 फीट गहरे मौत के कुएं में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम गरियाबंद के कोपरा गांव में दिल दहला देने वाला हादसा; खेलते-खेलते पैर फिसलने से गड्ढे में गिरे 6 साल के योगेश और 5 साल की खुशबू, रक्षाबंधन से पहले उजड़ गई मां की गोद - thekhabarwala

काल बना घर के बाहर का 'घुरवा': 12 फीट गहरे मौत के कुएं में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम गरियाबंद के कोपरा गांव में दिल दहला देने वाला हादसा; खेलते-खेलते पैर फिसलने से गड्ढे में गिरे 6 साल के योगेश और 5 साल की खुशबू, रक्षाबंधन से पहले उजड़ गई मां की गोद

राजिम/कोपरा: राजिम क्षेत्र के कोपरा गांव में रविवार दोपहर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने न सिर्फ एक हंसते-खेलते परिवार को ताउम्र का दर्द दे दिया, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घर के सामने रोजाना की तरह खेल रहे दो सगे मासूम भाई-बहन की घर के पास ही बने एक गहरे कचरा फेंकने वाले गड्ढे (घुरवा) में डूबने से मौत हो गई। लगातार हुई बारिश के कारण इस गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट तक पानी भरा हुआ था, जो मासूमों के लिए 'काल' साबित हुआ। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव के चूल्हे तक नहीं जले हैं।
खेलते-खेलते मौत के जाल में समा गए मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कोपरा निवासी बिसेलाल साहू के 6 वर्षीय पुत्र योगेश साहू और 5 वर्षीय पुत्री खुशबू साहू रविवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे घर के ठीक बगल में स्थित घुरवा (कचरा डंप करने का बड़ा गड्ढा) के पास पहुंच गए। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के कारण वहां पैर फिसलने की वजह से दोनों सीधे 12 फीट गहरे पानी से लबालब भरे गड्ढे में जा गिरे। पानी गहरा होने के कारण मासूमों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे उसमें समा गए।

घंटों तलाश के बाद घुरवा में तैरती मिली लाशें
जब काफी देर तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। आसपास खोजबीन करने के बाद भी जब बच्चों का कुछ पता नहीं चला, तो ग्रामीणों की मदद से बड़े पैमाने पर तलाश शुरू की गई। इसी दौरान किसी की नजर घर के पास वाले पानी से भरे घुरवा पर पड़ी। जब ग्रामीणों ने गड्ढे में देखा तो दोनों बच्चों के शव पानी में उतराते मिले। बदहवास ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक साथ उठी दो अर्थियां, रो पड़ा पूरा गांव
एक ही घर के दो चिरागों के असमय बुझ जाने से कोपरा गांव में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, वे बार-बार बेसुध हो रहे हैं। सोमवार को जब दोनों मासूमों की अर्थी एक साथ उठी, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

पांडुका पुलिस जांच में जुटी
घटना की भयावहता को देखते हुए पांडुका पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजिम भिजवाया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला पैर फिसलने और पानी में डूबने के कारण हुई दुर्घटना का लग रहा है। मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना की जा रही है।
Previous article
This Is The Newest Post
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads