SPORTS NEWS : 37वें फेडरेशन वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का समापन, पुरुष वर्ग में तमिलनाडु और महिला वर्ग में केरल बनी चैंपियन, छग टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने दी बधाई, होरा बोले– ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय मंच देते हैं - thekhabarwala

SPORTS NEWS : 37वें फेडरेशन वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का समापन, पुरुष वर्ग में तमिलनाडु और महिला वर्ग में केरल बनी चैंपियन, छग टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने दी बधाई, होरा बोले– ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय मंच देते हैं


रायपुर। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित 37वां फेडरेशन वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और रोमांच के शानदार संगम के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। देशभर से आई शीर्ष टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को पूरे टूर्नामेंट के दौरान रोमांचित बनाए रखा।


पुरुष वर्ग में तमिलनाडु का रोमांचक खिताबी जीत


पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में तमिलनाडु और केरल की मजबूत टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंतिम क्षणों में तमिलनाडु की टीम ने संयम और अनुभव का परिचय देते हुए 27–29 के करीबी अंतर से मुकाबला जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यह मुकाबला अंत तक सांसें थाम देने वाला रहा और स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।



महिला वर्ग में केरल का दबदबा


महिला वर्ग के फाइनल में केरल की टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए इंडियन रेलवे की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। रेलवे की टीम को उपविजेता पदक से संतोष करना पड़ा। दोनों ही टीमों के खेल की खेलप्रेमियों ने जमकर सराहना की।



समापन समारोह में जुटे खेल और राजनीति जगत के दिग्गज


टूर्नामेंट के समापन समारोह को भव्य स्वरूप देते हुए कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, पूर्व मंत्री एवं फेडरेशन वॉलीबॉल टूर्नामेंट के अध्यक्ष महेश गागड़ा,विधायक राजेश मूणत, रायपुर महापौर मीनल चौबे, वीरेंद्र कंवर वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया, छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक बलदेव सिंह भाटिया,छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल कोच ड्रैगन, सचिव हेमप्रकाश नायक, आयोजन समिति अध्यक्ष मोहम्मद अकरम खान, उपाध्यक्ष सतेंद्र पांडेय सहित अनेक गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे।



अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और सम्मान प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि—


“टूर्नामेंट अध्यक्ष महेश गागड़ा, सचिव हेमप्रकाश नायक, आयोजन समिति अध्यक्ष मोहम्मद अकरम खान, उपाध्यक्ष सतेंद्र पांडेय सहित सभी पदाधिकारियों और आयोजकों के अथक प्रयासों के कारण ही यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन इतने सुव्यवस्थित और सफल रूप में संपन्न हो सका। मैं आयोजन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”


होरा ने आगे कहा कि—


“इस तरह के बड़े खेल आयोजनों से स्थानीय और उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलता है। खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, समर्पण, टीमवर्क और खेल भावना का भी विकास करता है।”


उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि रायपुर आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।


छत्तीसगढ़ में खेलों के उज्ज्वल भविष्य पर जताया भरोसा


गुरुचरण सिंह होरा ने छत्तीसगढ़ सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि—


“राज्य सरकार के सतत प्रयासों से छत्तीसगढ़ में खेलों का तेजी से विकास हो रहा है। खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अधोसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं और प्रोत्साहन मिल रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम यह है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं।”


खेल भावना और उत्कृष्ट आयोजन की मिसाल


37वें फेडरेशन वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का यह आयोजन न केवल खेल प्रतिस्पर्धा की दृष्टि से सफल रहा, बल्कि खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को प्रेरित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Previous article
This Is The Newest Post
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads